नीमच। नीमच सिटी रोड स्थित छावनी मुक्तिधाम के सामने शुक्रवार देर रात करीब 12.30 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी गुमटियों में जा घुसी। हादसे में तीन गुमटियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि उनमें रखी एक मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो फुटपाथ पार करते हुए मुक्तिधाम के गार्डन की दीवार के पास लगी गुमटियों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे फुटपाथ पर लगा एक नीम का पेड़ भी टूटकर गिर गया।

हादसे में स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक 22 बीएच 6171 सी का चालक पवन पिता महेश जोशी (25), निवासी नीमच सिटी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

चालक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि अचानक सामने गाय आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।