शाजापुर। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की पावन जयंती के शुभ अवसर पर समाज में एकता, समरसता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से 1 फरवरी 2026 को शाजापुर जिले में एक ऐतिहासिक महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में सभी वर्गों-सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, ओबीसी, एससी एवं एसटी के लोग सहभागिता कर महापुरुष की जयंती सामूहिक रूप से मनाएंगे।
महारैली की तैयारी एवं सफल आयोजन को लेकर संत रविदास समाज की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में संत रविदास समाज के जिला अध्यक्ष महेश गंगवाल ने समाज को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन कैलाश सूर्यवंशी, प्रभु लाल सूर्यवंशी, संतोष परिहार, प्रभु लाल मंडोर, जितेन मंडोर, अर्जुन कुसुरिया, राम प्रसाद सूर्यवंशी, श्याम मंडोर सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा साथियों ने अपने विचार व्यक्त किए और समाज की एकता को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि संत रविदास जी के आदर्शों-समानता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी लोग मिलकर एकजुटता के साथ महारैली का आयोजन करेंगे। अंत में समाज के पदाधिकारियों ने शाजापुर जिले के समस्त संत रविदास जी के अनुयायियों से 1 फरवरी 2026 को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।