चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन की प्रभावी निगरानी के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में डीओआईटी के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपखंड एवं जिला स्तरीय अधिकारी जुड़े।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि जिले में अवैध खनन, अवैध बजरी परिवहन एवं पत्थर के अवैध उत्खनन की रोकथाम के लिए 15 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पुलिस, खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर सघन कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जब्ती की कार्रवाई करते हुए नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपखंड स्तर पर गठित निगरानी समितियों की बैठक आयोजित कर संबंधित क्षेत्रों की ड्रोन फोटोग्राफी करवाई जाए तथा अवैध खनन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला कलेक्टर ने बेगू क्षेत्र में तीन, गंगरार में एक तथा राशमी, कपासन सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नाके लगाकर अवैध बजरी परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए।