नीमच। जिले के दूल्हाखेड़ा गांव में विदाई को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया। घटना मंगलवार शाम की है, जिसमें पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के मिन्नाडा निवासी महेंद्र सिंह अपनी पत्नी पूजा को लेने दूल्हाखेड़ा गांव आया था। पूजा करीब 20 दिन पहले अपने दादाजी के निधन के बाद शोक व्यक्त करने के लिए अपनी बुआ पुष्पा कुंवर के घर आई थी। जब पूजा और उसके परिजनों ने महेंद्र के साथ जाने से इनकार किया, तो वह गुस्से में आ गया।
आरोप है कि महेंद्र ने पहले अपनी बुआ सास पुष्पा कुंवर के साथ मारपीट की। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई पत्नी पूजा पर उसने पास रखे फावड़े से सिर पर वार कर दिया।
पत्नी गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती-
हमले में पूजा के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति महेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया। अस्पताल में भर्ती पीड़िता पूजा ने पति के साथ रहने से इनकार करते हुए तलाक की मांग की है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।