नीमच। पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने मध्यप्रदेश की ट्रिपल इंजिन भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर में दूषित पेयजल की आपूर्ति से पंद्रह लोगों की मौत राज्य सरकार की नाकामी और जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ है।
डॉ. जाजू ने कहा कि मोहन यादव के नेतृत्व में दो वर्षों से चल रही ट्रिपल इंजिन सरकार का प्रशासनिक नियंत्रण जनता पर कोई अंकुश नहीं रख पा रहा है, जिसके कारण मध्यप्रदेश में विभिन्न दुर्घटनाओं और हादसों से लगातार लोगों की मौत हो रही है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में कफ़ सिरप पीने से 23 बच्चों और दूषित पानी पीने से 12 अन्य लोगों की मौत हुई। इसके अलावा, राज्य मार्गों पर ब्लैक स्पॉट की उपेक्षा से दुर्घटनाएं और अपंगता की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
डॉ. जाजू ने तंज करते हुए कहा, “यही है मोहन सरकार का तथाकथित सुशासन और दो वर्षों का विकास। जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में हैं, जबकि जनता त्रस्त है।”
उन्होंने यह भी कहा कि नीमच शहर में कई वर्षों से दूषित पेयजल विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच रहा है, और बावजूद इसके, किसी बड़े हादसे के पहले जिम्मेदार अधिकारी जाग नहीं रहे हैं। डॉ. जाजू ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जनता को सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने की मांग की।