मनासा। इंदौर में दूषित पानी पीने से 15 लोगों की मौत और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेश स्तरीय ‘घंटा बजाओ सोई सरकार जगाओ’ आंदोलन के तहत विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय जीतू पटवारी के निर्देशानुसार नीमच जिले की तीनों विधानसभाओं में भाजपा विधायकों के आवासों के बाहर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसी क्रम में मनासा में कारगिल चौक स्थित विधायक कार्यालय के बाहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा द्वारा घंटा बजाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दूषित पेयजल से हुई मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन पूरी तरह गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के तीनों ब्लॉकों के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी तथा सभी मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।