नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा, नीमच (मध्य भारत पश्चिम प्रांत, मध्य क्षेत्र) के संयुक्त तत्वावधान में श्रीराम मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, नीमच तथा ज्ञान सिद्ध एजुकेशन एवं वेलफेयर सोसाइटी, जावी के सहयोग से स्वर्गीय राधेश्याम जी पाटीदार की पुण्य स्मृति में विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
आयोजित शिविर के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 107 बच्चों का नेत्र परीक्षण एवं 105 बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्राथमिक जांच के पश्चात सभी बच्चों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निलेश पाटीदार एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पेश पाटीदार का विशेष योगदान रहा। नेत्र परीक्षण के दौरान 10 बच्चों में दृष्टि दोष पाए गए, जिन्हें आगे की जांच एवं उपचार हेतु उच्च संस्थान में रेफर किया गया। वहीं 20 बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी उचित उपचार के लिए नीमच स्थित अस्पताल से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इसी अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामीण क्षेत्र होने के बावजूद उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला। डीलाइफ ब्लड सुरक्षा केंद्र, नीमच के सहयोग से कुल 43 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सभी रक्तदाताओं को भारत विकास परिषद परिवार की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य विनोद पाटीदार एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा, जिसके चलते कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परिषद परिवार के अध्यक्ष ललित राठी ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन उमेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिषद परिवार के प्रमोद मालू, सतीश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, राकेश खंडेलवाल, सुरेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव मनीष गर्ग द्वारा आभार व्यक्त किया गया।