नीमच। जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में कारुंडा निवासी किसान लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने सोमवार को अपने परिवार के साथ नीमच कलेक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। धरने के दौरान उनके साथ आठ माह की मासूम बच्ची और एक दिव्यांग पुत्र भी मौजूद रहा।
किसान लक्ष्मीनारायण पाटीदार का आरोप है कि सेमार्डा राजस्व सीमा क्षेत्र में स्थित उनकी लगभग 3.9 हेक्टेयर भूमि में से करीब डेढ़ बीघा हिस्से पर पड़ोसियों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे खेत तक जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह मजबूर होकर धरने पर बैठे।
देर शाम नायब तहसीलदार संजय मालवीय मौके पर पहुंचे और मामले में शीघ्र राजस्व कार्रवाई कर अवैध कब्जा हटाने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसान परिवार ने देर रात धरना समाप्त कर दिया और अपने घर लौट गया।