नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन सोमवार 5 जनवरी 2026 को बंगला नंबर 60 स्थित परिषद हाल में नपा अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में आयोजित इस विशेष सम्मेलन में कुल 25 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिन्हें परिषद के सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
सम्मेलन के मुख्य प्रस्तावों में टाउन हॉल का जीर्णाेद्धार, टैगोर मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था, नगर पालिका के 47 प्रकरणों का नामांतरण, बंगला बगीचा के 40 प्रकरणों का व्यवस्थापन, और लीज नवीनीकरण के 61 प्रकरणों का अनुमोदन शामिल था। इसके साथ ही करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
नपा अध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि सम्मेलन में सेवानिवृत्त/दिवंगत जनसेवकों के स्थान पर परिवार के एक सदस्य को अस्थायी सफाई दैनिक श्रमिक के रूप में नियुक्त करने, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत एएचपी घटक हेतु शासकीय भूमि का चयन और आवंटन, और नई परियोजनाओं की स्वीकृति भी दी गई।
इसके अतिरिक्त, टैगोर मार्ग (वार्ड 25) को मॉडल रोड बनाने, महू-नसीराबाद रोड (वार्ड 15,16,19,21) से सत्य नारायण मंदिर तक सड़क निर्माण, पाटीदार एग्रो से बाबा शहाबुद्दीन रोड (वार्ड 14) में 1.44 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण, स्कीम नंबर 36 बी, वार्ड 11 में उत्कृष्ट विद्यालय से वर्मा तोल कांटे तक 1.37 करोड़ की सड़क निर्माण, और स्टेशन रोड पुलिया से आबकारी वेयरहाउस तक सीसी रोड निर्माण को भी अनुमोदित किया गया।
नगर परिषद सीमा वृद्धि कर वार्ड परिसीमन करवाने तथा वार्ड 14 स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पुलिया का नामकरण ‘अटल सेतु’ करने जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। चोपड़ा ने कहा कि सभी प्रस्तावों के पारित होने से शहर के विकास को गति मिलेगी और नीमच तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर होगा।