जीरन/नीमच। जिले के तहसील जीरन के ग्राम सगरग्राम के युवाओं ने आज ग्राम भंवरासा स्थित नर्सरी की खाली भूमि पर क्रिकेट और दौड़ (रनिंग) अभ्यास के लिए अनुमति प्रदान किए जाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदन में युवाओं ने बताया कि ग्राम भंवरासा की नर्सरी की खाली भूमि पर पिछले कई वर्षों से ग्रामीण युवा नियमित रूप से खेलकूद और दौड़ का अभ्यास कर रहे हैं। गांव में अन्य कोई उपयुक्त खाली जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण अभ्यास में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं ने यह भी उल्लेख किया कि कई युवक भारतीय सेना और अन्य सुरक्षाबलों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। दौड़ और नियमित शारीरिक प्रशिक्षण उनके शारीरिक विकास के साथ अनुशासन और खेल भावना को भी बढ़ावा देता है।
युवाओं ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि ग्राम के हित को देखते हुए नर्सरी की खाली भूमि पर क्रिकेट और दौड़ अभ्यास के लिए अनुमति प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल और भर्ती की तैयारी में सुविधा मिल सके।