नीमच। कलेक्टोरेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान सिंगोली निवासी समीर पिता बरकत हुसैन के आवेदन पर उनके पुत्र हसन के हृदय रोग के ऑपरेशन एवं उपचार हेतु रेडक्रॉस समिति, नीमच से 12 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
मनासा निवासी रमा पति प्रकाश चौहान के आवेदन पर कलेक्टर ने सीएमओ मनासा को दूरभाष पर निर्देश देते हुए सीमांकन के बाद विवादित दीवार हटाकर रमा चौहान को कब्जा दिलाने के आदेश दिए। कलेक्टर ने रमा को मौके पर उपस्थित रहने के लिए कहा, ताकि नगर पालिका की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इसी प्रकार पिपलिया रावजी निवासी दिव्यांग स्वरूप सिंह देवड़ा के आवेदन पर पेट संबंधी रोग के उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में निरूशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए गए। जनसुनवाई में कलेक्टर ने कुल 62 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश-
जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका नीमच से संबंधित एक नामांतरण आवेदन पर कलेक्टर ने सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी नामांतरण प्रकरणों का निराकरण निर्धारित तीन माह की समय-सीमा के भीतर किया जाए तथा कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। जनसुनवाई में नीमच, मनासा, जीरन, सिंगोली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।