झाबुआ। शीतलहर एवं तापमान में आई गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर नेहा मीना के आदेशानुसार झाबुआ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों/हितग्राहियों के लिए दिनांक 06 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग आर. एस. बघेल ने बताया कि उक्त अवकाश अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं आंगनवाड़ी केंद्रों पर निर्धारित समयावधि तक उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्य संपादित करेंगी। साथ ही बच्चों/हितग्राहियों को गृह-भेंट कर आंगनवाड़ी केंद्र में प्रदाय किया जाने वाला नाश्ता एवं भोजन संबंधित स्वयं सहायता समूह से प्राप्त कर उपलब्ध कराएंगी। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।