नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में दिनांक 6 जनवरी 2026 को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा नीमच के तत्वावधान में सेवा सप्ताह (6 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026) के अंतर्गत एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता का विषय “स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान” था, जिस पर महाविद्यालय की अनेक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच के सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता का आयोजन एवं संचालन महाविद्यालय की यूथ रेडक्रॉस इकाई, संयोजक डॉ. हीना हरित के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। डॉ. वधवा ने प्रतिभागियों को रेड क्रॉस का परिचय कराते हुए बताया कि संस्था द्वारा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाओं के साथ साथ समग्र मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के विभिन्न कार्य किए जाते है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा ऐसे आयोजन छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक चेतना के विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
उल्लेखनीय है कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह निबंध प्रतियोगिता छात्राओं में मानवीय संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
प्रतियोगिता मे कु. रानू पाटीदार (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कु. कोमल मेहरा (एम.ए. प्रथम सेम) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कु. इरमनाज़ (बी.एससी. द्वितीय वर्ष) एवं कु. अंजू माली (बीए तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया ।