खरगोन। जिले के महेश्वर में नर्मदा नदी में नाव संचालन को लेकर चला रहा विवाद अब जिला मुख्यालय पहुंच गया है। मंगलवार को कहार समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पेशवाघाट महिला नाविक कल्याण समिति सोसायटी के बैनर तले कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें भी नदी में नाव संचालन के लिए लायसेंस जारी करने की मांग की।
समिति अध्यक्ष रेखा वर्मा सहित अन्य समाजजनों ने ज्ञापन में बताया कि समाज के लोग अपनी आजीविका चलाने के लिए नदी में नाव का संचालन कर रहे है, लेकिन पिछले 3 वर्षों से चली आ रही मांग के बाद भी लायसेंस जारी नही किए जा रहे है। नतीजतन नाव संचालन के दौरान विवाद की स्थितियां निर्मित हो रही है। समाजजनों ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन भी राजनीतिक दबाव के चलते नाविकों के बीच भेदभाव कर रहा है। यहां मां रेवा केवट नोका समिति के लोगों को बगैर लायसेंस नाव संचालन की अनुमति दी जा रही है, जबकि हमारी नावों को रोका जा रहा है। समाजजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नाव संचालन कर परिवार का पालन- पोषण कर रहे है, यदि इससे रोका गया तो उनके सामने भूखमरी की नौबत आ जाएगी। ऐसी स्थिति न हो इसलिए कलेक्टर इस मामले में हस्तक्षेप कर हमें नाव संचालन की अनुमति दी।