शाजापुर। जिले के अकोदिया में महाराणा प्रताप व सुन्दरसी के मिहिर भोज सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का औपचारिक लोकार्पण मंगलवार दोपहर 4 बजे किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और जिला कलेक्टर ऋजु बाफना ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। लगभग 43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में अरुण उदय से लेकर 12वीं तक के कुल 1365 विद्यार्थी प्रवेश लेंगे।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मंत्री परमार ने कहा कि यह भवन बच्चों के लिए शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां के विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
जिला कलेक्टर ऋजु बाफना ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह भवन उनके भविष्य को संवारने में सहायक होगा और उन्हें बड़े पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा। मंत्री परमार ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री यादव जल्द ही अकोदिया आकर इस विद्यालय का औपचारिक लोकार्पण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज का कार्यक्रम केवल एक औपचारिकता थी।
विद्यालय के प्राचार्य मोहन सिंह चावड़ा ने कहा कि यह नया भवन विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसका उपयोग बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए किया जाएगा। प्राचार्य चावड़ा ने भवन निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों, विशेषकर विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नए भवन में केजी वन/केजी टू कक्षाएं, प्राचार्य व उप-प्राचार्य कक्ष, शिक्षक कक्ष, मेस डाइनिंग एरिया, कैफेटेरिया, खेल, संगीत एवं नृत्य कक्ष, मीटिंग कक्ष और परीक्षा कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह भवन बच्चों को एक बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा।
इस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने मंत्री परमार से इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के संबंध में सवाल पूछे। मंत्री ने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और तुरंत वहां से उठकर हंसते हुए चले गए।