नयागांव। वार्ड क्रमांक 9 में सामुदायिक भवन की जगह दुकानों का निर्माण शुरू होने पर वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को वार्ड 9 के रहवासी सैकड़ों की संख्या में जिलाधीश कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को पत्र सौंपकर दुकानों का निर्माण रोकने व सामुदायिक भवन बनाने की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा नेता एवं किसान संगठन के राजकुमार अहीर भी वार्डवासियों के साथ मौजूद रहे। वार्डवासियों का कहना था कि नगर परिषद अध्यक्ष व सीएमओ ने दुकानों के ऊपर डोम बनाने की बात कही, जिस पर उनका विरोध बढ़ गया।
मौके पर जावद तहसीलदार गिरदावरी और पटवारी भी पहुंचे और नगर परिषद अध्यक्ष से चर्चा की। वार्डवासियों ने बताया कि नगर परिषद की बैठक में भी यह मुद्दा उठा, लेकिन दुकानों के निर्माण पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया।
सूत्रों के अनुसार वार्ड 9, 10 और 11 के जायसवाल, मीणा, प्रजापत और मेघवाल समुदाय के लोग बैठक कर यह निर्णय ले रहे हैं कि प्रत्येक घर से सहयोग राशि जुटाकर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा और दुकानों का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। आवश्यक होने पर धरना प्रदर्शन भी किया जा सकता है।
वार्डवासियों का कहना है कि यह जमीन कई वर्षों से जनहित में सामुदायिक भवन के लिए निर्धारित है और इसके अवैध इस्तेमाल से नगरवासियों में आक्रोश है।