चित्तौड़गढ़। पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने मंगलवार को छोटीसादड़ी उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। वर्तमान में चिकित्सालय में केवल दो डॉक्टर ही कार्यरत पाए गए, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को उचित स्वास्थ्य सेवाएँ नहीं मिल पा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और स्वास्थ्य सुधार की मांग को लेकर समाजसेवी मनीष उपाध्याय द्वारा आमरण अनशन जारी है। इस समर्थन में सोमवार को छोटीसादड़ी बाजार बंद रहा।
निरीक्षण के बाद आंजना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर विधायक श्रीचंद कृपलानी राजनीति कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मनीष उपाध्याय के निःस्वार्थ प्रयासों और उनके द्वारा उठाई जा रही मांगों की सराहना की। आंजना ने कहा कि अस्पताल के नए भवन का उपयोग समय पर नहीं किया गया और अनशन एवं जनआंदोलन के दबाव के बाद ही अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किया गया।
पूर्व मंत्री ने मनीष उपाध्याय से अपील की कि अब आंदोलन ने अपना उद्देश्य पूरा कर लिया है, इसलिए उनका अनशन तोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित के इस संघर्ष को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमृतलाल बंडी, ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश जाट, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष फातेमा मुस्तफा बोहरा, संगठन महासचिव नरेंद्र राव, पेंशनर समाज के मार्तवराव मराठा, वीरेंद्र ओढ़ीच, कन्हेयालाल कारपेंटर, पार्षद भरत वैष्णव, भरत खटिक सहित अन्य वरिष्ठ नेता और नागरिक उपस्थित रहे।