नीमच। 5 जनवरी को मनासा के बैंसदा वनपरिक्षेत्र (वन भूमि कक्ष क्रमांक 391) में एक वन्यजीव तेंदुए की मृत्यु की घटना प्रकाश में आई। एनटीसीए, नई दिल्ली और मध्यप्रदेश मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार घटना स्थल को तुरंत सुरक्षित किया गया और डॉग स्क्वाड की मदद से आस-पास की छानबीन की गई।

पोस्टमार्टम वन्यजीव चिकित्सक डॉ. जीवन नाथ और डॉ. भूपेश पाटीदार ने किया। तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शव का दाह-संस्कार वनमंडलाधिकारी नीमच, तहसीलदार मनासा, सरपंच ग्राम पंचायत पलासिया और वन स्टॉप की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

वन्यजीव विशेषज्ञ और वन अधिकारी मृत्यू के कारण का पता लगाने में जुटे हुए हैं। प्रकरण में वन अपराध का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
