नीमच। जिले के नगरीय क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर खुले विद्युत ट्रांसफार्मरों के बॉक्स और नीचे लटकते विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जाए। म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा ऐसे सभी ट्रांसफार्मरों के खुले बॉक्स चिन्हित कर शीघ्र सुधार कार्य कराया जाए। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधीक्षण यंत्री को दिए। बैठक में एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान मनासा एवं कुकड़ेश्वर क्षेत्र के पान उत्पादक किसानों को नेटशेड उपलब्ध कराने तथा आगामी वर्ष के लिए लक्ष्य निर्धारित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश उप संचालक उद्यानिकी को दिए।
इसके साथ ही भाटखेड़ा से डूंगलावदा तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग पर शहर के प्रमुख चौराहों पर सुगम यातायात व्यवस्था हेतु रोटरी निर्माण के लिए स्थान चिन्हित कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को समय-सीमा में शिकायतों व आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।