सोनकच्छ। गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर नेवरी फाटे से भोपाल तक पैदल यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा का शुभारंभ नेवरी फाटे स्थित बाबा श्री खाटू श्याम मंदिर में दर्शन एवं गौ माता के पूजन के बाद हुआ।
यह पदयात्रा विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला गोरक्षा प्रमुख मगरिया जितेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में निकाली गई, जो भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान गुर्जर एवं उनके साथी मुख्यमंत्री को अपने खून से लिखा हुआ मांग पत्र सौंपेंगे।
यात्रा प्रमुख जितेंद्र गुर्जर ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य गौहत्या बंद करना, गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करना तथा सड़कों पर बेसहारा घूम रही गौवंश के संरक्षण के लिए गौशालाओं का निर्माण कराना है। इस यात्रा में जितेंद्र सिंह गुर्जर, भगवान सिंह गुर्जर एवं जितेंद्र सिंह परमार भी शामिल हैं।
भोपाल रवाना होने से पहले नेवरी फाटे पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा भी जगह-जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।