देवास। इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद देवास प्रशासन भी सतर्क हो गया है। नगर निगम द्वारा शहर की पानी की टंकियों की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में महापौर गीता अग्रवाल और विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद और निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर और विधायक प्रतिनिधि टंकियों पर चढ़कर सफाई व्यवस्था को देखा और अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों को कहा गया कि टंकियों की नियमित और व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को साफ और स्वच्छ पेयजल मिल सके। साथ ही आगे भी लगातार सफाई और उसकी मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में अधिकारियों के साथ बैठक ली गई थी, जिसमें कुछ क्षेत्रों से खराब पानी की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद टंकियों की सफाई के निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत आज सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया है।
महापौर गीता अग्रवाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान टंकियों में जमी गंदगी को साफ कराया गया है और अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे भी टंकियों का निरीक्षण और निगरानी लगातार की जाएगी, ताकि जनता को शुद्ध और सुरक्षित पानी मिल सके।