सोनकच्छ। भौरासा नगर में मकर संक्रांति पर्व को लेकर बच्चों में पतंग उड़ाने का खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी के चलते चाइना डोर की अवैध बिक्री की आशंका को देखते हुए पुलिस व राजस्व प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई।
बुधवार को देवास कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने नगर की पतंग दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नायब तहसीलदार नेहा शाह एवं थाना प्रभारी प्रीति कटारे अपने दल-बल के साथ नगर की पांच पतंग दुकानों पर पहुंचीं और सघन तलाशी ली।
निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान से चाइना डोर नहीं पाई गई। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि चाइना डोर की बिक्री न करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी के पास चाइना डोर पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियम अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा कि चाइना डोर न केवल दुकानदारों के लिए बल्कि आम नागरिकों, वाहन चालकों और पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित होती है। सभी विक्रेताओं ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।