नीमच। मूलचंद मार्ग स्थित अंबेडकर कॉलोनी क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य एक बार फिर अतिक्रमण के कारण अटक गया। सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम को कुछ रहवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके चलते कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी।
नगर पालिका का अमला इंजीनियरों एवं कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचा था, जहां सड़क की जद में आ रहे अतिक्रमण हटाए जाने थे। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए नगर पालिका टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से किए गए अतिक्रमणों के कारण सड़क निर्माण कार्य बार-बार बाधित हो रहा है। अधिकांश रहवासी सड़क निर्माण के पक्ष में हैं, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के चलते क्षेत्र के विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।