देवरी खवासा। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल देवरी खवासा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह निर्माण कार्य लगभग 59.73 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम बुधवार, 7 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनासा विधायक माननीय श्री अनिरुद्ध (माधव) मारू रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक प्रयोगशालाओं के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वैज्ञानिक ज्ञान अर्जित करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नीमच भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, भाजपा जिला महामंत्री श्री नरेन्द्र मालवीय, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती टीना परमेश्वर दडिंग, भाजपा मुखर्जी मंडल मनासा अध्यक्ष श्री मुकेश डांगी तथा ग्राम पंचायत देवरी खवासा की सरपंच श्रीमती शिवकन्या अम्बाराम गुर्जर उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रयोगशालाओं के निर्माण से विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिससे विज्ञान विषयों के प्रति उनकी रुचि एवं समझ में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस शैक्षणिक पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।