नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी एवं आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शहर में स्थापित पेयजल टंकियों में से अब तक 13 टंकियों की सफाई कराई जा चुकी है, वहीं प्रतिदिन वितरित किए जा रहे पेयजल के नमूने लेकर जांच की जा रही है।
यह जानकारी देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि हिंगोरिया स्थित फिल्टर प्लांट (जल शुद्धिकरण संयंत्र) से पानी का शुद्धिकरण किया जाता है। शुद्धिकरण के बाद पेयजल प्रयोगशाला में नमूनों की जांच कराई जाती है तथा परीक्षण उपरांत ही पानी को शहर में वितरण के लिए भेजा जाता है।
सीएमओ बामनिया ने बताया कि प्रतिदिन जल उपभोक्ताओं के क्षेत्रों से भी पेयजल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जा रहा है। इसके अलावा केन द्वारा पेयजल वितरण करने वाले संस्थानों से भी पानी के नमूने लेकर पीएचईडी को जांच हेतु भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि नीमच शहर में कुल 25 पेयजल टंकियां हैं, जिनमें से 20 वर्तमान में उपयोग में हैं। उपयोग में आने वाली 13 टंकियों की सफाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष टंकियों की सफाई का कार्य प्रगति पर है।
सीएमओ ने बताया कि फिलहाल गंदे पानी की केवल एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके निराकरण की कार्रवाई जारी है। साथ ही प्रतिदिन पाइपलाइन लीकेज सुधार एवं संधारण कार्य भी किया जा रहा है। जांच में वितरित किया जा रहा पेयजल सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया है।
नगर पालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि कहीं भी पाइपलाइन लीकेज दिखाई देने या नलों में गंदा पानी आने की स्थिति में तत्काल नगर पालिका को सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।