नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से रात्रिकालीन सफाई अभियान निरंतर जारी है।
इसी क्रम में बुधवार, 7 जनवरी को कड़ाके की ठंड के बीच मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शहर में संचालित रात्रिकालीन सफाई अभियान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने तथा दुकान के बाहर कचरा नहीं फेंकने की समझाइश दी।
सीएमओ बामनिया ने दशहरा मैदान एवं लायंस क्लब चौराहा स्थित चौपाटी पर पहुंचकर फास्ट फूड संचालकों एवं अन्य व्यवसायियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने संस्थानों का कचरा सड़क पर न फेंकें, प्रतिष्ठान के बाहर पर्याप्त साफ-सफाई रखें, अमानक पॉलीथीन का उपयोग न करें तथा कचरे को डस्टबिन में एकत्र कर नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें।
इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज एवं अविनाश घेघट तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक दीपक सरसवाल एवं सन्नी सौदे उपस्थित रहे।