रतनगढ़। वन परिक्षेत्र रतनगढ़ अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर सागौन प्रजाति की अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई 6 जनवरी 2026 को वनमंडलाधिकारी नीमच एस.के. अटोदे, उपवनमंडलाधिकारी नीमच दशरथ अखण्ड तथा वन परिक्षेत्राधिकारी रतनगढ़ प्रतापलाल गहलोत के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग की टीम ने ग्राम पांडुकुड़ी बस स्टैंड के पास राजस्व क्षेत्र से सागौन की गीली लकड़ी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली (ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-70-ए-3305) जब्त किया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मराज पिता मांगीलाल भील (23), निवासी पलासिया, तहसील सिंगोली, जिला नीमच व विष्णु पिता श्यामलाल मेहर (21), निवासी पलासिया, तहसील सिंगोली, जिला नीमच
शामिल हैं।
इस कार्रवाई में वनपाल बापूलाल दायणा (परिक्षेत्र सहायक ताल), अजय तोमर (कार्यवाहक वनपाल, प.स. बाणदा), वनरक्षक सदाशिव धाकड़ (बीट धारड़ी), नयन मालवीय (बीट पाटन), निरंजन पाराशर (बीट उमर), लालाराम (बीट भगवानपुरा) एवं सुरक्षा श्रमिकों का सराहनीय योगदान रहा।
आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं मध्यप्रदेश वनोपज (व्यापार एवं विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 214/09 दिनांक 06.01.2026 पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।- प्रतापलाल गहलोत, वन परिक्षेत्राधिकारी, रतनगढ़