मंदसौर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत कमांड क्षेत्र विकास के आधुनिकीकरण (एम.सी.ए.डी.) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य शासन ने सचिव, जल संसाधन की अध्यक्षता में राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई (स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट-एस.पी.एम.यू.) का गठन किया है।
इस इकाई में आयुक्त कमांड क्षेत्र विकास (जल संसाधन), प्रमुख अभियंता जल संसाधन, सदस्य अभियंता नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, योजना से संबंधित मुख्य अभियंता जल संसाधन/एन.वी.डी.ए., संचालक कृषि एवं किसान कल्याण, संचालक उद्यानिकी, संचालक हाइड्रोलॉजी (बोधी) जल संसाधन, संचालक सहभागिता सिंचाई प्रबंधन (जल संसाधन), योजना से संबंधित अधीक्षण यंत्री तथा कार्यपालन यंत्री (जल संसाधन/एन.वी.डी.ए.) को सदस्य बनाया गया है। मुख्य अभियंता (बोधी) जल संसाधन को सदस्य सचिव नामित किया गया है।
राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई, राज्य स्तरीय संचालन समिति से प्राप्त नीतिगत निर्देशों एवं सुझावों के आधार पर योजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी। इकाई के दायित्वों के अंतर्गत मॉडल स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार सिंचाई हेतु उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जल विज्ञान (हाइड्रोलॉजी), इंजीनियरिंग एवं कृषि विशेषज्ञों के सहयोग से रूपरेखा तैयार कर उसका कार्यान्वयन किया जाएगा। इसके साथ ही इनोवेटिव सॉल्यूशंस को भी लागू किया जाएगा।
एस.पी.एम.यू. किसानों की सहभागिता एवं क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान देगी। इसके अंतर्गत किसानों के लिए जल प्रबंधन, मृदा संरक्षण एवं फसल विविधीकरण पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कमांड क्षेत्र विकास के आधुनिकीकरण हेतु सामुदायिक सिंचाई प्रणाली को लागू करना तथा किसानों को अपनी सिंचाई प्रणालियों का स्वामित्व लेने और सशक्त बनाने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।