गुना। जिले के राघौगढ़ इलाके के भैंसाना गांव स्थित श्री हनुमान आश्रम में आगामी श्री राम महायज्ञ (18 से 28 मई) की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह आश्रम पहुंचे। उन्होंने बालाजी सरकार के दर्शन कर पूजन किया। साथ ही संत ब्रजकिशोर पारिक ‘गुड्डा महाराज’ से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन-पूजन के बाद जयवर्धन सिंह ने निर्माणाधीन यज्ञनगरी का अवलोकन किया और यज्ञशालाओं की तैयारियों सहित यज्ञ के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर आयोजन समिति, सेवाभावी संस्थाओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आवास, भोजन, जल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, अतिथि सेवा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
मध्यप्रदेश का प्रथम एवं अद्वितीय यज्ञ
बैठक में बताया गया कि यह श्री राम महायज्ञ पूरे मध्यप्रदेश में अपनी तरह का प्रथम आयोजन है, जिसमें एक साथ 108 वेदी महायज्ञ, 108 अखंड ज्योति, 108 रामायण पाठ और 108 श्रीमद्भागवत के मूल पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 18 पुराण पाठ, 6 शास्त्र सत्र एवं 4 वेद सभाएं भी संपन्न होंगी।
पूर्णतः प्राकृतिक रूप में तैयार हो रही यज्ञनगरी
आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ की एक विशेष पहचान यह है कि यहां निर्मित हो रहे सभी पंडाल पूर्णतः प्राकृतिक एवं सनातन परंपरा आधारित हैं। यज्ञशाला, वेद पंडाल, पुराण पंडाल और अन्य संरचनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की रेडीमेड या कृत्रिम सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। स्थानीय संसाधनों और श्रमदान से तैयार हो रही यह यज्ञनगरी दिन-प्रतिदिन अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप ग्रहण कर रही है, जो सतयुगदृत्रेता युग की यज्ञ परंपरा की अनुभूति कराती है।
आस्था और सहभागिता का विराट संगम
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। ग्रामीण, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, सामाजिक संगठन और सेवाभावी संस्थाएं बढ़-चढ़कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बन रही हैं। आयोजन समिति ने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, एकता और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का ऐतिहासिक महापर्व होगा।