देवास। सूने मकानों को निशाना बनाकर ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का थाना कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने 04 आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी, लूट व डकैती की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपियों की चोरी कर भागते हुए तस्वीरें कैद हुईं, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई।
कोतवाली पुलिस 03 अलग-अलग चोरी की घटनाओं बद्रीधाम एक्सटेंशन में वकील के सूने मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी, सम्यक विहार कॉलोनी में बैंक कर्मचारी के घर से आभूषण व नगदी चोरी,लक्ष्मण नगर में उपयंत्री के घर से 3 लाख नगद सहित आभूषण चोरी में चार आरोपियों कुशल उर्फ खुशाल उर्फ खुशी, आकाश उर्फ शूटर, सुशील उर्फ लखन,ओर पीयूष कहार सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण,3 लाख नगद सहित कुल 10 लाख का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। वही तीनों वारदातों के फरियादियों ने पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट होकर देवास पुलिस का धन्यवाद दिया।