नीमच। कृषि उपज मंडी समिति नीमच द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार नीमच स्टेशन रोड से छोटीसादड़ी रोड पर रेलवे लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रचलित है। भारी ट्रैफिक के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
एटीकॉन-इनडीड (संयुक्त उद्यम) द्वारा पत्र क्रमांक 040 दिनांक 08 जनवरी 2026 के माध्यम से मंडी के गेट क्रमांक 1 एवं 2 को अस्थायी रूप से बंद कर किलेश्वर रोड स्थित गेट क्रमांक 4 से वाहनों का आवागमन संचालित रखने का अनुरोध किया गया था। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं भारसाधक अधिकारी कृषि उपज मंडी समिति नीमच के अनुमोदन तथा व्यापारी संघ अध्यक्ष से चर्चा के बाद निर्णय लिया गया है कि मंडी के गेट क्रमांक 1, 2 एवं 3 बंद रहेंगे।
मंडी समिति ने किसान बंधुओं, व्यापारियों, तुलावटी, हम्मालों एवं समस्त मंडी से जुड़े कृत्यकारियों से अनुरोध किया है कि दिनांक 09 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से समस्त वाहनों का आगमन एवं निर्गमन केवल किलेश्वर रोड स्थित गेट क्रमांक 4 से ही किया जाए।
मंडी समिति ने सभी संबंधितों से सहयोग की अपील की है।