नीमच। देश के अमर वीर शहीदों के आत्मबलिदान को नमन करना और उनके परिजनों को सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इसी भावना के तहत ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा बुधवार को रतलाम जिले के ग्राम घटला निवासी अमर वीर बलिदानी सिपाही चम्पालाल मालवीय एवं राजगढ़ जिले के ग्राम सैदाबाद निवासी अमर वीर बलिदानी सिपाही अम्बास राम मालवीय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि दोनों वीर जवान वर्ष 2013 में क्रमशः 112वीं एवं 133वीं बटालियन में तैनाती के दौरान झारखंड में माओवादियों से मुकाबला करते हुए आज ही के दिन मातृभूमि की रक्षा में वीरगति को प्राप्त हुए थे।
कार्यक्रम का आयोजन डीआईजी ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में तथा सहायक कमांडेंट दुष्यंत गोस्वामी एवं निरीक्षक रामबाबू के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान शहीदों के गृह निवास पहुंचे, जहां स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं परिजनों की उपस्थिति में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों को आश्वस्त किया कि वे सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न अंग हैं और उनके सुख-दुख में बल सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। सीआरपीएफ ने यह भी भरोसा दिलाया कि वीर बलिदानियों के परिवारों को हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाती रहेगी। शहीदों के परिजनों के प्रति अपनत्व, कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करना ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।