मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग ने बताया कि जिले में मंदसौर जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य जिले के दीर्घकालीन विकास की योजना बनाना, स्थानीय नवाचारों और परंपरागत कौशल को बढ़ावा देना, रोजगार सृजन, कृषि, उद्योग, व्यापार, जल संरचना, खनिज, पर्यावरण और अन्य क्षेत्रीय विकास संबंधी सुझाव प्रदान करना है।
समिति की संरचना में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया को उपाध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिले के विधायकों, पंचायत अध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। समिति की कार्यवाही में सभी विभाग प्रमुखों, पुलिस, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग आदि को आवश्यकतानुसार आमंत्रित किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि समिति के प्रमुख उद्देश्य हैं-
जनता, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के सुझावों के आधार पर जिले की दीर्घकालीन विकास योजना तैयार करना।
परंपरागत कौशल और स्थानीय नवाचारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना।
शासकीय योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु सुझाव देना।
जिले में रोजगार सृजन एवं मध्यप्रदेश के विकास लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना विकसित करना।
कृषि, उद्योग, व्यापार, जल संरचना, खनिज, पर्यावरण और निर्यात के क्षेत्र में जिले की रणनीति तय करना।
समिति जिले के समग्र विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी।