चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को निंबाहेड़ा उपखंड कार्यालय में उपखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा अवैध खनन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपखंड अधिकारी, खनिज विभाग के अभियंता एवं होमगार्ड के संयुक्त जांच दल को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य सुरक्षा सूची, विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर निंबाहेड़ा उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, तहसीलदार, विकास अधिकारी, नगर परिषद आयुक्त सहित सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।