मुरैना। जिले में ठंड का सितम असहनीय हो गया है एक दिन में तापमान साढ़े चार डिग्री लुढ़का है गुरुवार को मुरैना का अधिकतम तापमान 12 डिग्री पर आ गया, इस कारण गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। सुबह घना कोहरा छाया रहा, इसके बाद दिनभर धुंध छाई रही। आसमान में घिरे बादलों से दिनभर सूरज नहीं निकला। शीत लहर ने लोगों को गलन भरी सर्दी से बेहाल कर दिया। घरों में लोग हीटर जलाकर तो बाहर आग का अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए।
वही मुरैना आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. हरवेंदर सिंह ने बताया, कि मंगलवार को जो पूर्वानुमान जारी हुआ था, उसी के हिसाब से मौसम के मिजाज हैं। तीन दिन तक कड़ाके की ठंड, शीतलहर का असर रहेगा, उसके बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी।