चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मानसिंह चूंडावत (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा राजकीय संप्रेक्षण एवं किशोर गृह का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गृह में शिशु, बालक एवं बालिकाएं कुल 8 उपस्थित पाए गए। प्राधिकरण सचिव ने विधि से संघर्षरत बालकों से संवाद कर वहां की व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, पीने के लिए स्वच्छ पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गईं।
इस दौरान प्राधिकरण सचिव गोयल ने विधि से संघर्षरत बालकों को जमानत आवेदन प्रस्तुत कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा बच्चों को अच्छी पुस्तकें पढ़ने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के समय अधिवक्ता भारती गहलोत, अधीक्षक चंद्रप्रकाश जीनगर, बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा प्रियंका पालीवाल एवं संप्रेक्षण गृह के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।