देवास। बालाजी नगर में मासूम बच्चे पर श्वान हमले के बाद नगर निगम की डॉग कैचर टीम जब क्षेत्र में श्वान पकड़ने पहुंची, तो मौके पर श्वान प्रेमियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए निगम टीम से विवाद शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख वार्ड पार्षद श्याम पटेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी मौके पर जमा हो गए।
वार्ड पार्षद श्याम पटेल ने तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि शहर में आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मोहल्लों में बच्चों पर हमले आम होते जा रहे हैं। जब नगर निगम कार्रवाई करती है, तब कुछ श्वान प्रेमी विवाद खड़ा कर देते हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि पालतू श्वान रखने वाले लोग उसका रजिस्ट्रेशन कराएं, वैक्सीनेशन करवाएं और श्वान को घर में रखें, अन्यथा श्वान मालिकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की डॉग कैचर टीम के विकास वेद ने बताया कि पूरे शहर में कार्रवाई के दौरान लगातार विरोध का सामना करना पड़ता है। कई श्वान मालिकों के पास न तो वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड होता है और न ही रजिस्ट्रेशन। बालाजी नगर में कार्रवाई के दौरान लोगों ने अपने-अपने कुत्तों को घरों में बंद कर लिया और टीम से विवाद किया।
वहीं क्षेत्रीय रहवासियों का कहना है कि इलाके में आए दिन श्वानों का आतंक बना रहता है। बच्चों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। रहवासियों ने मांग की है कि श्वान पालने वालों के लिए रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन अनिवार्य किया जाए और सड़कों पर श्वान छोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।