नीमच। नगर पालिका और राजस्व विभाग ने वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बगीचा नंबर 38 और खेत नंबर 10 को नगर पालिका के अधीन कर लिया। सुबह भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका अमले के साथ पहुंची टीम ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर करीब चार हेक्टेयर जमीन पर नियंत्रण स्थापित किया।

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने अधिपत्य का बोर्ड लगाकर स्पष्ट संदेश दिया कि अब इस भूमि पर किसी भी तरह के अतिक्रमण या विवाद की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य संसाधन भी मौके पर तैनात किए गए।

सूत्रों के मुताबिक इस बहुमूल्य जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 500 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिससे यह कार्रवाई और भी महत्वपूर्ण व चर्चित बन गई है। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध किया, लेकिन नगर पालिका की सीएमओ दुर्गा बामनिया ने किसी भी अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया।

नगर पालिका और प्रशासन की यह कार्रवाई कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में हुई, जिसमें कड़ी निगरानी और पुलिस बल की तैनाती ने अतिक्रमणकारियों और प्रभावशाली लोगों के लिए स्पष्ट संदेश दिया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आने वाले दिनों में अवैध कब्जों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाइयां की जाएंगी।
