नीमच। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ नीमच में हो गया है। यह अभियान “सड़क सुरक्षादृजीवन रक्षा” थीम पर पूरे जनवरी माह तक चलेगा। एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस सड़क हादसों को रोकने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
गुरुवार को यातायात पुलिस ने लगभग 100 से 150 ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। पुलिस का कहना है कि रात में सड़क पर चलने या खड़े भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर न होने से दुर्घटनाएं होती हैं। रिफ्लेक्टर लगाने से वाहन दूर से दिखाई देंगे और हादसों में कमी आएगी।
नियम तोड़ने वालों पर सख्ती-
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, स्टंट करने वालों, बुलेट बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है और नियम तोड़ने वालों के मामले सीधे न्यायालय में भेजे जा रहे हैं।
तेज रफ्तार और ब्लैक फिल्म पर भी निगरानी-
पुलिस तेज गति से वाहन चलाने वालों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी नजर रखे हुए है। सड़क पर लापरवाही करने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई जारी है।
जनजागरूकता के लिए बैनर और प्रचार-
आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शहर के चौराहों, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर एवं फ्लैक्स लगाए गए हैं। डिजिटल माध्यमों के जरिए भी लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की जान की सुरक्षा करें। यह अभियान पूरे जनवरी माह तक सक्रिय रहेगा।