मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने शुक्रवार सुबह जिला पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड की सलामी ली। घने कोहरे के बीच आयोजित इस परेड में जिले के राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
सलामी के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस एवं टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड के दौरान एडिशनल पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
जनरल परेड में जिले के समस्त थाना एवं चौकी का पुलिस बल शामिल हुआ, वहीं डॉग स्क्वायड ने भी परेड में सहभागिता की। इस दौरान पुलिस बल की एकरूपता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया गया।
पुलिस अधीक्षक मीना ने कहा कि टर्नआउट पुलिस बल के अनुशासन, सजगता एवं पेशेवर व्यवहार का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता, फिटनेस एवं अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।