गरोठ। शामगढ़ कस्बे में स्टेशन रोड पर लगे पतंग के ठेले को चौकीदार द्वारा गिराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में ठेला संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया और चौकीदार की कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड पर पतंग का ठेला लगाकर आजीविका चलाने वाले दुकानदार का ठेला एक चौकीदार द्वारा गिरा दिया गया, जिससे सामान क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
जब यह वीडियो नगर परिषद अध्यक्ष यादव के संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चौकीदार की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई। इसके बाद शामगढ़ पुलिस ने ठेला गिराने वाले व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
पुलिस एवं नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की भूमि पर लगाए गए संबंधित भूमि मालिक के अवैध बोर्ड को भी हटाया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष यादव ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि नगर में किसी भी गरीब या निर्धन व्यक्ति के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही स्टेशन रोड क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा व्यवस्थित चोपाटी विकसित की जाएगी, जिससे छोटे व्यापारियों को रोजगार का स्थायी अवसर मिल सके।