चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना शंभूपुरा ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से 1 क्विंटल 81 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त एस्कोर्टिंग वाहन स्विफ्ट कार सहित दोनों वाहनों को जब्त कर मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी थानाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में थाना शंभूपुरा थानाधिकारी उप निरीक्षक धर्मराज मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने अरणोदा-गिलूंड रोड, सरहद भाटियों का खेड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को एस्कोर्टिंग करते हुए तथा उसके आगे चल रही एक क्रेटा कार को रोका। तलाशी के दौरान क्रेटा कार से कुल 1 क्विंटल 81 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट व क्रेटा दोनों कारों को मौके पर जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपाल सिंह उर्फ अजय सिंह (22) पुत्र मनोहर सिंह सौदिया राजपूत एवं गोवर्धन सिंह (50) पुत्र उदय सिंह सौदिया राजपूत, दोनों निवासी सेमली मेवाड़, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस थाना शंभूपुरा में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई में एएसआई धर्मेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल नरेश कुमार, रामकिशन, मुकेश कुमार, योगेन्द्र कुमार और दिनेश कुमार शामिल रहे।
