बड़वानी। शहर में नर्मदा पाइप लाइन में शुद्ध जल बताने वाले दावे सांवरिया रेसीडेंसी कॉलोनी में दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। कॉलोनी में सप्लाई हो रहे नर्मदा पाइपलाइन के पानी में रेत के कणों के साथ सिवरेज जैसी बदबू और गंदगी मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि रहवासी मजबूरी में वही दूषित पानी पीने को विवश हैं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार नगरपालिका और संबंधित अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस निराकरण नहीं हुआ। शिकायतें सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गईं इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों जैसी बड़ी और भयावह घटना के बाद भी बड़वानी प्रशासन अलर्ट नहीं हुआ, यह सबसे बड़ा सवाल है। क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? क्या नगरपालिका किसी बड़ी बीमारी या मौत के बाद ही जागेगी? क्या रहवासियों की जान की कोई कीमत नहीं? स्वच्छ जल के नाम पर गंदा और जानलेवा पानी सप्लाई होना सीधे-सीधे प्रशासनिक लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी को उजागर करता है। अब देखना यह है कि नगरपालिका बड़वानी समय रहते जागती है या फिर किसी बड़ी घटना के बाद सिर्फ जांच के आदेश जारी होंगे।