नीमच। वैष्णव बैरागी समाज नीमच द्वारा अपने आराध्य जगतगुरु श्री रामभद्राचार्यजी की 726वीं जयंती शुक्रवार को भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर रामभद्राचार्यजी के जयघोष से गूंज उठा।
सुबह टाउन हॉल से डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में घोड़े पर सवार धर्मध्वजा, बग्गियों में विराजित जगतगुरु श्री रामभद्राचार्यजी का चित्र और संतगण आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा तिलक मार्ग, नया बाजार, फव्वारा चौक एवं विजय टॉकीज चौराहा होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री रामभद्राचार्यजी के चित्र पर माल्यार्पण और विधिवत पूजन से किया गया।
मुख्य अतिथि संत प्रेमदास महाराज सहित समाज के वरिष्ठजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जगतगुरु के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, महिला-पुरुष और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।