छतरपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के गौरिहार तहसील अंतर्गत बंदौरा कला में स्वीकृत खदान की आड़ में पत्थर और बोल्डर का अंधाधुंध खनन कर शासन को 13.0788 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाने के मामले में जय भद्रकाली ग्रेनाइट के संचालक राजेश मंगल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर ने संचालक को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है और निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। खनिज संचालनालय से प्राप्त इनपुट के आधार पर खसरा नंबर 182, रकबा 2.250 में अवैध खनन की पुष्टि हुई। इसके बाद माइनिंग टीम ने मौके का निरीक्षण कर प्रतिवेदन तैयार किया, जिसे कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।