खरगोन। खंडवा जिले के पुनासा में शुक्रवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। यहाँ साप्ताहिक हाट बाजार के दिन मूल रूप से बड़वाह निवासी सराफा व्यापारी राकेश सोनी पिता रमेशचंद्र सोनी (52) पर 5 से 6 हमलावरों ने जानलेवा हमला कर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद घायल व्यापारी को गंभीर हालत में बड़वाह के एचएम अस्पताल लाया गया, जहाँ देर रात खंडवा एसपी मनोज राय भी उनका हाल जानने पहुंचे।घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है। व्यापारी राकेश सोनी पुनासा के सोलंकी मार्केट में दुकान कृष्णा ज्वैलर्स बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने शटर पर ताला लगाने के लिए अपने बैग उतारकर नीचे रखा, तभी घात लगाए बैठे 5-6 बदमाश अचानक आ धमके। उनके हाथों में लकड़ी, पत्थर और लोहे की रॉड थी।
बदमाशों ने आते ही राकेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनके सिर पर वार किए गए और पत्थर मारे गए। इसी बीच बदमाश जेवरात और नकदी से भरे।दोनों बैग लेकर फॉरेस्ट ऑफिस के पास धाराजी रोड की तरफ भाग निकले।
हमला होते देख पड़ोसी दुकानदार लोकेश और सुरेश दौड़कर राकेश को बचाने आए, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी पथराव कर मारपीट की। पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
लहूलुहान हालत में राकेश को स्थानीय लोगों ने पहले पुनासा के निजी क्लिनिक और फिर सनावद ले गए। वहां से उन्हें बड़वाह सिविल अस्पताल और अंत में एचएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डॉ. हिमांशु सिंह ने बताया कि मरीज के सिर में करीब 7 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव है, जिसमें लगभग 8 टांके आए हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए खंडवा एसपी मनोज राय रात करीब 11 बजे बड़वाह के एचएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल व्यापारी से घटना की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
घायल राकेश के भाई विकास सोनी ने बताया कि राकेश शुक्रवार को बड़वाह से दुकान के सिलसिले में पुनासा गए थे। वे दिनभर दुकान पर थे और शाम को बड़वाह स्थित घर लौटे ही थे कि उन्हें इस घटना की सूचना मिली।