नीमच। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस के अवसर पर कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में यूथ रेडक्रॉस इकाई के तत्वावधान में सेवा सप्ताह का सफल आयोजन किया गया।
सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन एवं विचारों पर आधारित संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, उनके ओजस्वी विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।
इसी क्रम में स्वच्छ राष्ट्रदृस्वस्थ समाज अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा स्वच्छता से संबंधित संदेशों पर आधारित पोस्टर एवं रंगोली का निर्माण किया गया। इन रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व तथा स्वस्थ समाज की अवधारणा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
साथ ही स्वस्थ युवादृस्वस्थ भारत एवं नशामुक्त समाज के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं द्वारा जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
उक्त सभी कार्यक्रमों में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए छात्राओं को चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।
यह सेवा सप्ताह महाविद्यालय की यूथ रेडक्रॉस इकाई संयोजक डॉ. हिना हरित के द्वारा संपन्न किया गया। कार्यक्रमों में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं समाजोपयोगी सिद्ध हुए।