मंदसौर। जिले की जनहित समस्याओं को लेकर शनिवार दोपहर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मंदसौर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे तक रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सल्फास की गोली पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली गई।
प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन को 11 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सल्फास की गोली पर रोक के बावजूद खुले बाजार में बिक्री से जिले में कई जानें जा चुकी हैं, जिस पर तत्काल सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
मांग-पत्र में बुलडोजर कार्रवाई पर रोक, आंगनवाड़ी भर्ती में कथित फर्जीवाड़े की जांच, दलित समाज के सार्वजनिक जलस्रोतों से अवैध कब्जा हटाने, किसानों को मंडी में उचित दाम व समय पर भुगतान, आरक्षण में प्रमोशन, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच, लाड़ली बहना व पेंशन योजनाओं में सुधार, कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा सभी तहसीलों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की मांग शामिल रही।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा।