नीमच। नये वर्ष के अवसर पर पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” थीम पर 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस द्वारा विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
दिनांक 10 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस द्वारा 5वीं मध्यप्रदेश एनसीसी बटालियन मंदसौर के 50 एनसीसी कैडेट्स को यातायात थाना परिसर में सेमिनार के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात कैडेट्स को शहर के मुख्य चौराहे कमल चौक ले जाया गया, जहां यातायात पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
एनसीसी कैडेट्स ने वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वालों, हुड़दंग व स्टंटबाजी करने वालों, पटाखे फोड़ने वाले बुलेट चालकों, नाबालिग वाहन चालकों, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है, जिसमें ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कर नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार हेतु डिजिटल फ्लैक्स व बैनर तैयार किए गए हैं, वहीं शहर में चलने वाले ऑटो, बसों, अन्य वाहनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर फ्लैक्स व बैनर लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक यातायात नियमों के प्रति जागरूक हों।
यातायात पुलिस की अपील-
यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, स्टंटबाजी से बचें, माता-पिता नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, चार पहिया वाहनों पर काली फिल्म न लगाएं तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें।