शाजापुर। सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम बछानिया में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। हनुमान मंदिर के पास शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बछानिया निवासी जमील खां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि पुराने विवाद में राजीनामा नहीं होने की बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू की और मना करने पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में जमील खां सहित 7 लोग घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से जाकीर ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में जाकीर, उनके जमाई जाफर, रईश और मुकरम सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना पर सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। विवाद के दौरान जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।